बांसवाड़ा में 16 वर्षीय छात्रा के साथ अमानवीय हरकत
उदयपुर एमबी हॉस्पिटल में भर्ती
बांसवाड़ा 1 सितंबर 2025। ज़िलें में 16 वर्षीय छात्रा के साथ अमानवीय हरकत का मामला सामने आया है। स्कूल से लौटते समय दो नाबालिगों ने उसे जबरन उठाकर एक मकान में ले गए। इसके बाद छात्रा को आरोपी अपने रिश्तेदार के घर भी लेकर गया। आरोपियों ने छात्रा के साथ मारपीट की और उसके शरीर को गंभीर रूप से चोटिल कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
राहगीर ने पहुंचाया अस्पताल
सड़क किनारे बेसुध पड़ी छात्रा को देखकर एक राहगीर ने तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंचे।
उदयपुर में चल रहा इलाज
गंभीर हालत के कारण छात्रा को बांसवाड़ा से रेफर कर उदयपुर एमबी हॉस्पिटल लाया गया। एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया-“छात्रा को बेहद गंभीर स्थिति में लाया गया था। आते ही ऑपरेशन किया गया और फिलहाल उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया है।”
परिजनों की रिपोर्ट
परिजनों ने बताया कि 20 अगस्त को बेटी स्कूल गई थी। घर लौटते समय ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी बाइक पर दो लड़के आए। एक उसके ही स्कूल का पूर्व छात्र था। उसने घर छोड़ने की बात कही, लेकिन मना करने पर दोनों उसे जबरन ले गए। दोनों ने छात्रा के साथ बुरा व्यवहार किया और मारपीट की। अगले दिन यानी 21 अगस्त को उसे पीपलखूंट क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक नाबालिग को डिटेन किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
#Banswara #BanswaraNews #UdaipurTimes #BanswaraRapeCase #MinorGirlRape #BanswaraCrime
