उदयपुर में अमानवीय सजा: शराब पीने पर युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा
Udaipur Times, Crime News: 15 जुलाई 2026 । उदयपुर जिले के गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में अमानवीय कृत्य का मामला सामने आया है। समाज के पंचों द्वारा शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने पर एक युवक को पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटकाकर उसकी पिटाई की गई। इतना ही नहीं, युवक पर 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को डिटेन कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। Crime News
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि यह घटना 12 मई की है। कमोल निवासी चुनाराम गमेती ने शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट की थी। अगले दिन समाज के कुछ लोगों ने भील बस्ती में बैठक बुलाई। बैठक में समाज के शराबबंदी नियम तोड़ने का आरोप लगाते हुए चुनाराम पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद उसका एक पैर रस्सी से बांधकर पेड़ पर उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। Crime News
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और अमानवीय कृत्य के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें डिटेन कर लिया। मामले की जांच जारी है। Crime News
डीवाईएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट करने और जुर्माना वसूलने का वीडियो सामने आने के बाद तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने 11 आरोपियों को डिटेन कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। Crime News
