नाई थाना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड

7 आरोपी गिरफ्तार

 | 
International Gang Nai

उदयपुर, 7 अगस्त। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाई थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका के नागरिकों को लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जय विला, नादरा गांव, नाई में कुछ युवक मिलकर अमेरिकी नागरिकों की निजी जानकारी (नाम, मोबाइल नंबर, पते आदि) प्राप्त कर उन्हें इंटरनेट कॉल और मैसेज के जरिए सस्ते लोन का झांसा देकर डॉलर में राशि वसूल रहे हैं। आरोपियों द्वारा प्रोसेसिंग चार्ज, ट्रांसफर चार्ज और इंश्योरेंस के नाम पर ठगी की जा रही थी।

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, डिप्टी एसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और थानाधिकारी लीलाराम के नेतृत्व में टीम का गठन कर जय विला में दबिश दी गई। मौके से पकड़े गए युवकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे कुलदीप नामक मुख्य सरगना के लिए काम कर रहे थे, जो व्हाट्सएप के जरिए विदेशी नंबरों से संपर्क में रहता है और अमेरिकी नागरिकों की जानकारी इन ठगों तक पहुंचाता है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के निवासी शामिल हैं। ये सभी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोन दिलाने का झांसा देते थे और विदेशी नागरिकों से ऑनलाइन भुगतान मंगवाते थे।

पुलिस की तत्परता और गुप्त सूचना प्रणाली के चलते इस गिरोह की योजना को नाकाम किया गया। बताया जा रहा है कि ये लोग 6 अगस्त से ही ठगी की इस वारदात को अंजाम दे रहे थे। थाना नाई के सूचना अधिकारी संदीप कुमार की सतर्कता और प्रभावी मुखबिरी से पुलिस को यह सफलता मिली।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News