अंतरराज्यीय कडिया सांसी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

सुखेर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश से किया गिरफ्तार 
 | 
Kadiya sansi gang

उदयपुर 11 अप्रैल 2026। अंतरराज्यीय कडिया सांसी गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुखेर थाना पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है, जिन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

यह मामला 11 मार्च 2026 का है, जब महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे पक्ष के पास रखा आभूषणों से भरा बैग अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। उस समय परिवार के लोग मेहमानों के स्वागत में व्यस्त थे और इसी दौरान बदमाश मेहमान बनकर आए और मौका देखकर बैग लेकर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और डीएसपी राजेश यादव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह देशभर में शादी समारोहों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के राजगढ़ ज़िले में कई दिनों तक रेकी कर दबिश दी और अंततः दोनों आरोपियों विकास सांसी और नकुल सांसी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और राजस्थान सहित कई राज्यों में दर्जनों वारदातों में शामिल रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने सवाई माधोपुर, बूंदी, सीकर, राजसमंद, नासिक, भोपाल, विशाखापट्टनम, गुजरात और हरियाणा समेत कई जगहों पर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है।

#UdaipurNews #RajasthanCrime #PoliceAction #CrimeNewsIndia #JewelryTheft #SukherPolice #UdaipurPolice #BreakingNews #RajasthanNews #MPNews #InterstateGang #UdaipurUpdates #LocalNewsRajasthan #IndiaCrime

 

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News