उदयपुर में होटल और रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की छापेमारी

टैक्स चोरी की शिकायत मिली थी
 | 

उदयपुर 19 फ़रवरी 2026। शहर में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने एक होटल और एक रेस्टोरेंट पर छापेमारी की कार्रवाई की। आयकर अधिकारियों की टीम सुबह करीब 7 बजे दोनों स्थानों पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह कार्रवाई पिछोला झील के गणगौर घाट स्थित रेस्टोरेंट और हरिदासजी की मगरी पर स्थित होटल में की गई।

अधिकारियों की सरकारी गाड़ियां बाहर खड़ी रहीं, जबकि अंदर सर्च ऑपरेशन चलता रहा। टीम ने बैंक खातों का विवरण, जरूरी दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की।

रिपोर्ट्स के अनुसार होटल और संबंधित रेस्टोरेंट एक ही मालिक के बताए जा रहे हैं। होटल में 29 कमरे हैं, जबकि रेस्टोरेंट एक प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट पर स्थित है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं।

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को टैक्स चोरी की शिकायत मिली थी। इसके बाद विभाग ने टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विभाग ने क्या-क्या दस्तावेज जब्त किए हैं और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।

#Udaipur #UdaipurNews #IncomeTaxRaid #HotelRaid #RestaurantRaid #TaxEvasion #PicholaLake #HaridasjiKiMagri #RajasthanNews #TouristSpotUdaipur