जावर माइंस के सरकारी स्कूल की टीचर की हत्या
उदयपुर 1 फरवरी 2020। जिले के जावर माइन्स थाना क्षेत्र के पलुना स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत महिला टीचर की अज्ञात बदमाशों ने दिन दहाड़े तलवार से गर्दन काट कर निर्मम हत्या कर दी। शिक्षिका का लहूलुहान शव स्कूल परिसर के बाहर ही पाया गया है।
बताया जाता है की महिला शिक्षिका स्कूल से बाहर निकली ही थी की एक काली वैन में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस वीभत्स हत्याकांड से आसपास के समूचे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही जावर माइन्स थाना पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने महिला का शव मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
महिला शिक्षिका की पहचान छानी निवासी नीतू खराड़ी पुत्री हीरालाल के रूप में की गई है। बताया जाता है की कुछ समय पहले ही उनका विवाह हुआ था। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है। पुलिस ने घटना स्थल से तलवार भी बरामद की है।
