उदयपुर में अवैध हथियार के साथ ज्वेलर्स गिरफ्तार
विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद
उदयपुर के घण्टाघर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
मोतीचोहट्टा स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक को एक विदेशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी कैलाश चंद्र के सुपरविजन में थानाधिकारी घण्टाघर सुनील शर्मा और उनकी टीम ने सूचना के आधार पर यह कार्यवाही की।
पुलिस टीम ने मोतीचोहट्टा स्थित आशा ज्वेलर्स की तलाशी के दौरान संचालक फतेहलाल सोनी के कब्जे से एक अवैध विदेशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
पूछताछ में जब फतेहलाल सोनी से हथियार रखने का लाइसेंस मांगा गया, तो उसने लाइसेंस नहीं होने की बात स्वीकार की।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहलाल सोनी उम्र 53 वर्ष, निवासी मोतीचोहट्टा, घण्टाघर, हाल निवासी महादेव मंदिर के पास वाली गली, देवाली के रूप में हुई है।
