झाड़ोल लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
तलवार दिखाकर दंपती से मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने वाले बदमाश 24 घंटे में पुलिस की गिरफ्त में
उदयपुर 1 जून 2026 - झाड़ोल थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार फलासिया क्षेत्र के मुण्डकोसिया निवासी ललित कुमार कटारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 मई 2026 की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से भैरूजी मंदिर पाडवी दर्शन करने गए थे।
दर्शन कर वापस लौटते समय कंथार घाटी के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक तलवार लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद झाड़ोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने एमआईयू यूनिट की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने राकेश कुमार (21) पुत्र रमेश लाल खराड़ी निवासी वाडी माता वाड़द, थाना झाड़ोल तथा भेरूलाल (18) पुत्र मांगीलाल खराड़ी निवासी वाड़द, थाना झाड़ोल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटी गई मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन की बरामदगी सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
#Udaipur#UdaipurNews#Jhadol#JhadolNews#Rajasthan#RajasthanNews#CrimeNews#BreakingNews#PoliceAction#UdaipurPolice#RajasthanPolice#LocalNews#IndiaNews#LawAndOrder
