झाड़ोल उप कारागृह में कैदियों के साथ मारपीट का आरोप

ADJ के निरीक्षण में खुलासा
 | 
Jhadol jail

उदयपुर 11 मार्च 2026। ज़िले की झाड़ोल उप कारागृह में कैदियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा अतिरिक्त ज़िला जज (ADJ) एवं ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा के निरीक्षण के दौरान हुआ।

झाड़ोल उप कारागृह के निरीक्षण के दौरान कैदियों ने ADJ कुलदीप शर्मा को बताया कि जेलर करण गरासिया और जेल प्रहरी उनके साथ बेरहमी से मारपीट करते हैं। कैदियों का आरोप है कि उन्हें पट्टों से पीटा जाता है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। कैदियों ने अपने हाथ, पैर और पीठ पर लगे घावों के निशान भी दिखाए।

ADJ शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन कैदियों से लिखित शिकायत ली और उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा। तीनों कैदियों की ओर से झाड़ोल थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।

Jhadol Sub jail

निरीक्षण के दौरान जेल में कई अनियमितताएं भी सामने आईं। कैदियों ने बताया कि उनमें से अधिकांश अन्य ज़िलों के हैं और उनके मामले उदयपुर में विचाराधीन नहीं हैं। इसके बावजूद न तो उनकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जा रही है और न ही उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत ले जाया जा रहा है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।

कैदियों ने यह भी बताया कि गर्मी के मौसम में कई बैरकों में लगे पंखे खराब पड़े हैं और कुछ बैरकों में पंखे लगे ही नहीं हैं। इसके अलावा जेल में पढ़ने के लिए न तो अखबार उपलब्ध हैं और न ही किताबें या अन्य पढ़ने की सामग्री दी जाती है।

पानी की टंकी में पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं होने से कैदियों को पीने के पानी की भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जेल की क्षमता 100 कैदियों की है, जबकि वर्तमान में यहां लगभग 136 बंदी रह रहे हैं।

#UdaipurNews #Udaipur #RajasthanNews #Jhadol #UdaipurDistrict #RajasthanPolice #PrisonReform #JailAdministration #RajasthanUpdates #LocalNewsUdaipur #LegalNews #IndiaNews