कालेबेलिया गैंग का पर्दाफाश, 17 चोरी व नकबजनी की वारदातों का खुलासा
पुलिस ने एक बाल अपचारी सहित 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार, शहर के कई थाना क्षेत्रों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
उदयपुर 9 जनवरी 2026 - पुलिस ने शहर में सक्रिय चोरी व नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुएएक बाल अपचारी सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया। एडिशनल एसपी शहर उमेश ओझा ने बताया कि बीते कुछ महीनों से बढ़ रही चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त नगर पूर्व सुधीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में टीमों का गठन किया गया।
पुलिस थाना सवीना पर दर्ज चोरी व नकबजनी के मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए थानाधिकारी अजयराज सिंह के नेतृत्व में तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और निरंतर निगरानी के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सामने आया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक कालेबेलिया गैंग सक्रिय है। पुलिस ने इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर रैकी कर सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे। आरोपी दिन में घूमकर बंद मकानों की पहचान करते और रात के समय ताले तोड़कर घरों में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में 1.डिंटा उर्फ कालू उर्फ अंकित, 2. विजयनाथ, 3. गोविन्द, 4. लोकेश उर्फ भोडा, 5. महेंद्र उर्फ शेषु और 6. अनिल शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों सवीना, गोवर्धन विलास, बड़गांव, सुखेर, प्रतापनगर और अंबामाता घाटी सहित कई स्थानों पर हुई कुल 17 चोरी व नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है। इनमें मकानों से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य वारदातों में संलिप्तता को लेकर भी गहन अनुसंधान किया जा रहा है।