किराएदार हत्या मामले में करणी सेना-राजपूत समाज का प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का ऐलान-मांगे पूरी नहीं होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा
उदयपुर 13 सितंबर 2025। सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक मकान मालिक द्वारा अपने किराएदार की हत्या किए जाने के मामले में आज राजपूत समाज और करणी सेना ने जोरदार प्रदर्शन किया। एमबी अस्पताल में मोर्चरी के बाहर मृतक नरपत सिंह (30) के परिजन, राजपूत समाज के प्रतिनिधि और करणी सेना के सदस्य बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया है कि उनकी सभी मांगे पूरी नहीं की जाएंगी, तब तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
सायरा निवासी नरपत सिंह के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से कहा कि परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही हत्या के आरोपी को जल्द सजा दिलाई जाए।
प्रदर्शन में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष जीवन सिंह सेंदवाड़ा ने कहा कि हमारी मांगें स्पष्ट हैं – मृतक के परिवार को 51 लाख रुपए मुआवजे के तौर पर दिए जाएं, मृतक का उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए, आरोपी को फांसी की सजा दी जाए तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए।
घटना को लेकर उदयपुर शहर विधायक तारा चंद जैन भी शनिवार को मोर्चेरी पहुंचे जहां उन्होने मृतक के परिजनों से मुलाक़ात की और लोगों से समझाइश की। लेकिन घटना से नाराज लोगों ने मुआवजा मिलने और मृतक की पत्नी को नौकरी नहो दिए जाने तक पोस्टमॉर्टम नही करवाने की बात कही।
प्रदर्शनकारी जोर देकर कह रहे हैं कि जब तक उनकी ये मांगें पूरी नहीं होंगी, वे एमबी अस्पताल से नहीं हटेंगे। इस बीच पुलिस प्रशासन से भी मांग की गई है कि मामले की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाए।
#Udaipur #KarniSena #RajputCommunity #UdaipurTimes
