ACB ने खेरवाड़ा में रिश्वत लेते दो वन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया
उदयपुर 1 दिसंबर 2025। ज़िले के खेरवाड़ा क्षेत्र में वन विभाग के दो कर्मचारियों को 80,000 रुपये रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डूंगरपुर एसीबी इकाई द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसके साथी लकड़ी के व्यापार से जुड़े हैं। 29 नवंबर को उन्होंने नीलगिरी और सेमल की लकड़ी से भरे दो ट्रक खेरवाड़ा ले जाने के लिए भेजे थे। अगले दिन उन्हें पता चला कि दोनों वाहन कातरवास वन नाका पर रोके गए हैं और एक ट्रक को बिना कार्रवाई छोड़े जाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने पर ACB ने 30 नवंबर को सत्यापन कराया, जिसमें वनरक्षक महेश कुमार मीणा और विजेश अहारी द्वारा 80,000 रुपये रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद 1 दिसंबर की कार्रवाई में ACB टीम ने दोनों को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस प्रथम के सुपरविजन और एसीबी डूंगरपुर प्रभारी पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
#Udaipur #Kherwada #RajasthanNews #UdaipurNews #ACBAction #AntiCorruptionBureau #DungarpurACB #ForestDepartment #CorruptionCase #BreakingNews #RajasthanUpdates
