अपहरण कांड का 12 घंटे में खुलासा, 6 गिरफ्तार
हाथीपोल थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और फिरौती मामले में स्कॉर्पियो जब्त कर मुख्य आरोपी समेत छह आरोपियों को पकड़ा
उदयपुर 26 मई 2026 - हाथीपोल थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और फिरौती के मामले का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को फरदूस आजम कॉलोनी निवासी मोहम्मद सालिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उसने बताया कि वह अपने दोस्त अरबाज खान के साथ लोक कला मंडल के पास चाय की थड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान उसे दुबई नंबर से फोन आया और मिलने के लिए बुलाया गया। कुछ देर बाद काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार छह युवक वहां पहुंचे और जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर ले गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे उदयपुर से नाथद्वारा होते हुए राजसमंद कांकरोली की तरफ ले गए। रास्ते में आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
बाद में पुलिस की सक्रियता की भनक लगने पर आरोपी उसे गोमती रोड पर छोड़कर फरार हो गए। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थाना अधिकारी राजू देवी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जिला व स्टेट लेवल पर नाकाबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन सहित सभी छह आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गौरव प्रताप राणा पंजाब के मोहाली का रहने वाला है और बीएफएक्स फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फॉरेक्स करेंसी एक्सचेंज का काम करता है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित ने दिसंबर 2025 में बीयूएसडी वॉलेट से पांच हजार यूएस डॉलर खरीदे थे, जिसके एवज में आरोपी गौरव का करीब पांच लाख रुपए का भुगतान बाकी था। इसी रकम की वसूली के लिए आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का अपहरण किया और फिरौती मांगी।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCity #Rajasthan #RajasthanNews #Hathipol #Rajsamand #Kankroli #Nathdwara #UdaipurPolice #LocalNews #UdaipurUpdates #Mewar #BreakingNews
