तीन बच्चो की हत्या कर खुद की ली जान

कोटड़ा इलाके की देर रात की घटना

 | 
crime

उदयपुर 21 मार्च 2023 । ज़िले में एक पिता ने तीन बच्चों की हत्या कर खुद अपनी जान ले ली। चारों के शव घर में फंदे से लटके मिले। घटना कोटड़ा इलाके की सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह 10.30 बजे लोगों को इसका पता लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार रायसा (45) उसका बेटा वाजपई (15), बेटी टिपुरी (12) और सबसे छोटी बेटी किंजल (4) फंदे से लटके हुए मिले। कारणों का पता नहीं लगा है। आशंका जताई जा रही है कि पिता ने तीन बच्चों की हत्या कर खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है। रायसा की किराना दुकान थी। उसकी पत्नी की कुछ साल पहले मौत हो चुकी थी। वह अपने तीन बच्चों के साथ ही रह रहा था।

रायसा की घर के पास ही किराना की दुकान थी

घटना की सूचना मिलने के बाद मामेर चौकी इंचार्ज कालूलाल चव्हान, कोटड़ा एएसआई इन्द्रसिंह और शंकरलाल मौके पर पहुंचे। उदयपुर पुलिस के आला अधिकारी भी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। एफएसएल की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची है।

SP बोले- डिप्रेशन में था

पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला मानसिक तनाव का माना जा रहा है। जानकारी में आया है कि कुछ साल पहले मृतक की पत्नी की मौत के बाद से परिवार सदमे में था। आर्थिक स्थिति खराब होने की भी बात सामने आई है। क्योंकि किराना की दुकान चलाकर वह परिवार का गुजारा कर रहा था। स्पष्ट कारण पता नहीं लगे हैं। मामले की जांच जारी है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News