उदयपुर के कोल्यारी में 55 लाख की चोरी पर फूटा गुस्सा, बाजार बंद कर सड़क पर उतरे व्यापारी

 | 
Kolyari

Udaipur Times: Udaipur News: 1 जून 2026। उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र के कोल्यारी कस्बे में 55 लाख रुपये की चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने चोरी की घटना के विरोध में अपनी दुकानें बंद रखीं। करणी सेना और स्थानीय ग्रामीणों ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।

सुबह करीब 11 बजे करणी सेना और ग्रामीण तीन रास्ता क्षेत्र में एकत्रित हुए और जुलूस के रूप में कोल्यारी चौकी पहुंचे। यहां लोगों ने धरना दिया। करीब दो घंटे तक प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी।

सूचना मिलने पर फलासिया तहसीलदार अभिषेक दरंगा मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोल्यारी में स्थायी पुलिस चौकी शुरू करने, चोरी के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गया माल बरामद करने और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

इधर, फलासिया पुलिस ने चोरी के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी फैलीराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रमेश निवासी खाखड़ फला, आडादरा ने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 17 मई की रात आरोपी अपने साथियों के साथ घर के पीछे से घुसा और तीन कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।

थानाधिकारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी अंजना सुखवाल और झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जिला स्पेशल टीम के सहयोग से करीब 35 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 70 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

मामले में 18 मई 2026 को शेरसिंह पुत्र भगवतसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 17 मई को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर करीब 55 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। घटना के समय वे और उनकी पत्नी उदयपुर गए हुए थे, जबकि उनका बेटा और बहू घर के कमरे में सो रहे थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News