टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस का एक्शन, दो मुख्य संदिग्ध और नाबालिग डिटेन

 | 
Tiger shroff firing accused arrest

 

Udaipur Times, Firing on Tiger Shroff: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 19 अक्टूबर 2026 को कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर से तीन संदिग्धों को दस्तयाब किया है। इनमें दो मुख्य संदिग्ध और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध राजस्थान के रास्ते विदेश भागने की फिराक में थे।

कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर कार्रवाई की। मामले की जानकारी मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसी को दे दी गई है।

कोटा पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दस्तयाब किए गए संदिग्धों में रेहान उर्फ सुक्का (18) पुत्र रहीसुद्दीन निवासी ईदगाह कॉलोनी सोनीपत, हरियाणा और ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22) पुत्र रामू महतो निवासी पिपराई बेगूसराय बिहार शामिल हैं। ऋतिक के मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने का भी उल्लेख है। इनके साथ एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुंबई के जुहू क्षेत्र में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के वाहन पर फायरिंग के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मिले इनपुट और तकनीकी जानकारी के आधार पर कोटा पुलिस ने संदिग्धों को रेलवे स्टेशन से पकड़ा।

एसपी तेजस्वनी गौतम के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया था। रेलवे कॉलोनी थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा, भीमगंजमंडी थाना प्रभारी रामविलास मीणा, जिला विशेष टीम, साइबर सेल, एजीटीएफ और आरपीएफ कोटा के जवानों ने कार्रवाई में सहयोग किया।

पुलिस के अनुसार, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसी को सूचना दे दी गई है।

फिलहाल, संदिग्धों की फायरिंग की घटना में भूमिका की पुष्टि पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News