कुराबड़ में थाने से महज़ 150 मीटर दूर ज्वेलरी शॉप में 1 करोड़ 80 लाख की चोरी
उदयपुर 16 मार्च 2026। ज़िले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर करीब 1.80 करोड़ रुपए के सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी में लगभग 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना ले जाया गया। पूरी दुकान खाली कर दी गई, जिससे पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि चोर करीब दो से तीन घंटे तक गलियों में घूमते रहे और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अगर रात में पुलिस गश्त होती तो चोरी को रोका जा सकता था। घटना के बाद DSP गोपाल चंदेल और थानाधिकारी तेजू सिंह मौके पर पहुंचे, जानकारी ली और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। घटना के बाद व्यापारियों में पुलिस के प्रति खासा आक्रोश है।
चोरों ने ज्वेलरी शॉप में लगा CCTV कैमरा तोड़ दिया गया और दुकान का DVR भी उठा ले गए। घर में लगा मीटर भी तोड़ दिया गया। हालांकि पास की एक अन्य दुकान में लगे CCTV में करीब 6 से 7 चोर आते-जाते दिखाई दिए हैं। सभी ने हाथों में ग्लव्स और चेहरे पर मास्क पहन रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके और FSL टीम को कोई साक्ष्य नहीं मिल सके। उनके पास डंडों सहित अन्य हथियार भी दिखाई दिए। फुटेज से यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने इलाके की रेकी की थी।
यह चोरी प्रार्थी अशोक सोनी की दुकान पर हुई है। कुराबड़ के सदर बाजार में उनकी मोहित ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। अशोक सोनी और उनका परिवार उदयपुर में रहता है और वे रोजाना यहां आकर दुकान संभालते हैं। मकान के नीचे ज्वेलरी शॉप है जबकि पहली मंजिल पर किराएदार रहते हैं, लेकिन किराएदार भी 11 मार्च से बाहर गए हुए थे। पीछे से मौका देखकर चोरों ने दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्रार्थी अशोक सोनी का कहना है कि चोरों में पुलिस का कोई डर नहीं है, इसलिए उन्होंने बेखौफ होकर इतनी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
#Udaipur #Kurabad #RajasthanNews #CrimeNews #JewelleryTheft #UdaipurUpdates #LocalNews #BreakingNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
