हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ गैंग का सदस्य लखन उर्फ मोंटी गिरफ्तार
लखन खटीक उर्फ मोंटी पर 5 हज़ार रूपये का इनाम घोषित था
उदयपुर 9 अगस्त 2025। हार्डकोर अपराधी दिलीप नाथ के संगठित गिरोह के प्रमुख सदस्य और 5 हजार रुपये के इनामी लखन खटीक उर्फ मोंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक पीड़ित को डरा-धमकाकर जमीन का एग्रीमेंट कराने और अवैध रूप से 35 लाख 50 हजार रुपये वसूलने का आरोप है। इस मामले में इससे पहले दिलीप नाथ, नरेश वैष्णव, नरेश पालीवाल, विष्णु पालीवाल और नारायण दास वैष्णव को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि थाना नाई के हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ और उसके साथियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत थाना सुखेर क्षेत्र के पीड़ित को जबरन घर से उठाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे बडगांव तहसील कार्यालय ले जाकर जमीन का एग्रीमेंट करा लिया। पीड़ित और उसकी बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर 35 लाख 50 हजार रुपये ऐंठे गए।
इस संबंध में थाना सुखेर में प्रकरण संख्या 121/25 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया। मामले का अनुसंधान पुलिस उप अधीक्षक गिर्वा सूर्यवीर सिंह राठौड़ कर रहे हैं। 8 अगस्त 2025 को सुखेर थाना टीम ने लखन खटीक उर्फ मोंटी को डिटेन किया, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में अन्य आरोपी वीरेंद्र सिंह (निलंबित पुलिस कांस्टेबल), गजेंद्र चौधरी, देवेंद्र गायरी उर्फ डेविड, शंकर सिंह, पिंटू कलाल, कमल दया, हेमराज डांगी और अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने गजेंद्र चौधरी, देवेंद्र गायरी, हेमराज डांगी और कमल दया की गिरफ्तारी पर 2-2 हजार रुपये तथा पिंटू कलाल की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
