उदयपुर 9 मार्च 2026। जमीनी विवाद को लेकर यूनिक नर्सरी में शनिवार रात तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे करीब 50 से अधिक लोग जेसीबी लेकर नर्सरी पहुंचे और वहां जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान नर्सरी की दीवार तोड़ दी गई, पौधों को अस्त-व्यस्त कर दिया गया और कई गमले भी तोड़ दिए गए। घटना के दौरान काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस होती रही।
हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। मामला सुखेर थाना क्षेत्र के न्यू भूपालपुरा इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी सचिन दुबे पुत्र हरिओम दुबे ने सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि करीब 50 से ज्यादा लोग जेसीबी लेकर आए और नर्सरी में तोड़फोड़ करने लगे। आरोपियों ने नर्सरी की साइड से दीवार तोड़ दी, पौधों को नुकसान पहुंचाया और गमले भी तोड़ दिए। साथ ही नर्सरी से करीब 45 हजार रुपये की चोरी होने का भी आरोप लगाया गया है। पड़ोसियों से जब तोड़फोड़ की जानकारी मिली तो सचिन दुबे की बहन मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
सचिन दुबे ने बताया कि वर्ष 2015-16 में उन्होंने गंगाराम और उनके भाइयों से नर्सरी की जमीन 50 लाख रुपये में गिरवी ली थी। तब से वे इस जमीन का तय किराया देते आ रहे हैं। उनका कहना है कि जमीन मालिक ने उन्हें यह जमीन बेचने का वादा भी किया था, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई एग्रीमेंट नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि वे कई बार जमीन मालिक से बाकी पैसे लेकर रजिस्ट्री करने की बात कह चुके हैं, लेकिन इसके बजाय उन पर जगह खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे और उस दौरान उनकी बहन के साथ आरोपियों ने बदसलूकी भी की। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।