डमी खातेदार बनाकर जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़
चार गिरफ्तार
चार गिरफ्तार उदयपुर। बड़गांव थाना पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने एक डमी खातेदार महिला को असली खातेदार बताकर पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की और उसके आधार पर रजिस्ट्री कर जमीन बेच दी।
पुलिस ने इस मामले में महिला सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला 23 अगस्त 2025 का है, जब बूझड़ा निवासी 65 वर्षीय काउड़ी गमेती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी आधा बीघा खातेदारी भूमि, जो कोडियात स्थित अरावली ताज होटल के पास है, की रजिस्ट्री फर्जी तरीके से कर दी गई।
पीड़िता ने बताया कि रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी लेने पर सामने आया कि उनकी जगह डमी खातेदार मोहनी बाई पत्नी स्व. चोखा जी गमेती को पेश किया गया और हीरालाल गमेती के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी बनाई गई। इसके बाद हीरालाल ने 4 जुलाई 2025 को उनकी जमीन की रजिस्ट्री मन्नाराम भील के नाम करा दी।
एसपी उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन और एडिशनल एसपी सिटी उमेश ओझा के सुपरविजन में डिप्टी एसपी कैलाशचन्द्र बोरीवाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी सहयोग और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए डमी खातेदार मोहनी बाई, हीरालाल गमेती, मन्नाराम भील और तुलसीराम डांगी को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
#Udaipur #PoliceAction #LandFraud #Badgaon #CrimeNews #RajasthanPolice
