देर रात घंटाघर थाना क्षेत्र में चाक़ूबाज़ी
प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती पर हमला करने के बाद खुद की भी घायल किया
उदयपुर 17 सितंबर 2025 । शहर में चार दिन में तीसरी चाकूबाजी की वारदात ने हड़कंप मचा दिया। मंगलवार देर रात घंटाघर थाना क्षेत्र में नाथद्वारा निवासी युवक रवि सोनी ने प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद एक युवती पर हमला कर दिया और खुद भी घायल हो गया।
थानाधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि आरोपी रवि सोनी युवती के घर में जबरन घुस गया और उसे बाथरूम में ले जाकर गला दबाने की कोशिश की। युवती के बेहोश हो जाने के बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद के गले और हाथ पर भी चाकू से वार कर खुद को घायल कर लिया।
परिजन दोनों को गंभीर हालत में एमबी हॉस्पिटल लेकर आए, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल है। चार दिन में तीसरी ऐसी घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
