उदयपुर मे रेस्टोरेंट पर वकील पर जानलेवा हमला

 | 
Attack on Advacate in udaipur

 

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को चस्का रेस्टोरेंट पर वकील के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।

बताया जा रहा है कि वकील अनील मीणा और निलेश बर्थडे पार्टी की बुकिंग के सिलसिले में रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने वकील अनील मीणा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लोहे के हथियार से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हमले में अनील मीणा के सिर पर गंभीर चोट लगी।

घटना की सूचना मिलते ही सविना थाना पुलिस मय जाब्ता मौके पर पहुंची। पुलिस की सहायता से घायल अनील मीणा को तत्काल उदयपुर के एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वहीं वकील पर हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता एमबी अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर उदयपुर के वकीलों में नाराजगी देखी गई।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वकीलों की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल सविना थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News