चित्तौड़गढ़ की खुली जेल से काम पर गया उम्रकैदी वापस नहीं लौटा, अगले दिन पुलिस ने पकड़ा
Udaipur Times, Crime News: चित्तौड़गढ़ की खुली जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा बंदी मजदूरी के लिए बाहर गया, लेकिन निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। सोमवार शाम करीब 7 बजे गिनती के दौरान बंदी कम मिलने पर जेल प्रशासन ने तलाश शुरू की और कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने अगले दिन सुबह बंदी राजुलाल भील को कपासन चौराहे के आसपास पैदल लौटते हुए पकड़ लिया।
राजुलाल भील निवासी घटियावली, थाना शंभूपुरा को 24 अप्रैल 2024 को हत्या और सबूत मिटाने के मामले में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-2 ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उस पर 15 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया गया था। जुर्माना नहीं भरने पर तीन महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना था।
सजा के दौरान उसे जिला कारागृह के अधीन संचालित खुली जेल में रखा गया था, जहां बंदियों को नियमों के तहत काम के लिए बाहर जाने और निर्धारित समय पर लौटने की अनुमति होती है।
सोमवार शाम गिनती में राजुलाल के नहीं मिलने पर जेल प्रहरी ओगडराम मेघवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की और अगले दिन सुबह उसे कपासन चौराहे के पास पकड़ लिया।