चोरी की गाड़ियों से करते थे शराब तस्करी, उदयपुर पुलिस ने किया खुलासा

 | 
Vehicle Theft Gang

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर की हाथीपोल थाना पुलिस ने वाहन चोर गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया । तीनों आरोपी छोटे दोपहिया वाहनों की चोरी कर उनका इस्तेमाल गुजरात में शराब तस्करी के लिए उपयोग किए जाने वाले बड़े वाहनों की एस्कॉर्टिंग में करते थे।

हाथीपोल थाना पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की स्कूटी गुजरात के धनसुरा के पास सागवान के घने जंगलों से बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को करुणा वैष्णव ने हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को वह अपनी स्कूटी जुपिटर नंबर RJ27 LB 6146 से एमबी अस्पताल ड्यूटी पर आई थीं। दोपहर करीब 1:15 बजे स्कूटी अस्पताल के गेट के पास खड़ी कर वह अंदर चली गईं। शाम करीब 5:45 बजे वापस लौटने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद स्कूटी का पता नहीं चला।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 114/2026 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने एमबी अस्पताल सहित उदयपुर शहर के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल के आसपास रैकी करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसके आने-जाने के रास्ते की जांच की और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी पहचान करण सिंह चौहान के रूप में की।

पुलिस ने करण सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्कूटी को डुप्लीकेट चाबी से चोरी करना और गुजरात के धनसुरा में अपने साथी राहुल कुमार वालंद को बेच देना बताया। राहुल कुमार पहले से एक अन्य मामले में साबरमती जेल, अहमदाबाद में बंद था। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ की।

पूछताछ में राहुल ने चोरी की स्कूटी अपने साथी विजय भाई देसाई को बेचने की बात बताई। इसके बाद विजय भाई को भी प्रोडक्शन वारंट पर साबरमती जेल से 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में विजय ने चोरी की स्कूटी धनसुरा के पास सागवान के घने जंगलों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर स्कूटी बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य पूर्व में शराब तस्करी और हत्या जैसे गंभीर मामलों में चालानशुदा हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी छोटे दोपहिया वाहनों की चोरी कर उनका इस्तेमाल गुजरात में शराब तस्करी के लिए उपयोग किए जाने वाले बड़े वाहनों की एस्कॉर्टिंग में करते थे।

गिरफ्तार आरोपी

1. करण सिंह पिता राम सिंह चौहान, उम्र 31 वर्ष, निवासी दक्षिणी विस्तार, गोवर्धन विलास, उदयपुर।

2. राहुल कुमार वालंद पिता दामजी भाई वालंद, निवासी शक्ति नगर, धनसुरा, जिला अरावली, गुजरात।

3. विजय भाई देसाई पिता रघुनाथ भाई देसाई, उम्र 24 वर्ष, निवासी जामठा, तहसील धनसुरा, जिला अरावली, गुजरात।

पुलिस के अनुसार राहुल कुमार के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर मामलों के प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ शराब तस्करी के भी दो मामले बताए गए हैं। वहीं विजय भाई के खिलाफ गुजरात प्रोहिबिशन एक्ट के तहत शराब तस्करी सहित अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News