सेंट पॉल्स स्कूल के बाहर से लग्जरी कार चोरी
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
उदयपुर 16 जुलाई 2025। शहर के भूपालपुरा स्थित सेंट पॉल्स स्कूल के बाहर से एक लग्जरी कार चोरी की घटना सामने आई है। यह पूरी वारदात स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मामला सोमवार का है, जब मल्लातलाई निवासी कमरान खान अपनी बच्ची की फीस जमा कराने स्कूल आए थे। उन्होंने अपनी जीप कंपास कार स्कूल के बाहर पार्क की और अंदर चले गए। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति एक बड़ी कार से वहां पहुंचा और कुछ ही मिनटों में जीप कंपास कार को लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पूरी योजना के तहत दूसरी लग्जरी कार से मौके पर आता है और बड़ी ही सफाई से वारदात को अंजाम देता है।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत भूपालपुरा थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद स्कूल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
