सिलावटवाड़ी में बड़ी चोरी की वारदात

करीब 40 तोला सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद चोरी

 | 

उदयपुर 9 अप्रैल 2026। घंटाघर थाना क्षेत्र से एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, सिलावट वाड़ी स्थित बीच की मस्जिद के सामने एक मकान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया।

बताया जा रहा है कि यह घटना कल शाम करीब 7 बजे के आसपास की है। चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से घर में घुसकर तीसरी मंजिल पर रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 40 तोला सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए।

परिवार के सदस्य उस समय घर पर मौजूद नहीं थे और एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। रात करीब 10 बजे जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और ताला टूटा हुआ है। यह देखकर उनके होश उड़ गए। जब वे ऊपर तीसरी मंजिल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा और भी चौंकाने वाला था, अलमारी खुली हुई थी, सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और लॉकर पूरी तरह से टूटा हुआ था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने तुरंत अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया और इसके बाद घंटाघर थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

#UdaipurNews #Rajasthan #CrimeNews #BreakingNews #LocalNews #UdaipurCrime #Silawatwadi #IndiaNews

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal