एक वर्ष से फरार चल रहा ईनामी आरोपी गिरफ्तार

झाड़ोल थाना पुलिस की कार्यवाही 

 | 
Jhadol police station

उदयपुर  25 अगस्त 2025। ज़िले के झाड़ोल थाना पुलिस ने रात्री के समय मारपीट और लूट के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामला 10 अगस्त 2024 का है, जब वाड़द गांव निवासी लोकेश कसौटिया मजदूरी से घर लौटते समय चावल लेने दुकान पर गया था। रास्ते में उसे गांव के ही प्रभुलाल अंगारी और चन्दुलाल अंगारी ने रोककर मारपीट की और लाठियों से गंभीर चोटें पहुंचाई। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे रुपये भी जबरन छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर झाड़ोल थाने में प्रकरण संख्या 147/24 दर्ज किया गया था।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृताधिकारी झाड़ोल नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और आसूचना के आधार पर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी प्रभुलाल अंगारी पुत्र शंकरलाल अंगारी निवासी वाड़द को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में जुर्म साबित होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही दूसरा आरोपी चन्दुलाल अंगारी गिरफ्तार किया जा चुका है।