साइबर ठगी के मामले में दो साल से फरार शातिर आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 17 जुलाई 2025 । साइबर थाना पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई एक महिला से साइबर ठगी कर 1.37 लाख रुपये की रकम हड़पने के मामले में की गई।
30 मार्च 2023 को गुमानपुरा, वल्लभनगर निवासी कविता डांगी ने साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोबाइल खराब होने पर उन्होंने सिम सहित मोबाइल अपने रिश्तेदार को रिपेयरिंग के लिए दिया। कुछ दिन बाद उनके बैंक अकाउंट से नेट बैंकिंग के माध्यम से 1,37,000 रुपये की धोखाधड़ी कर निकाले गए।
इस मामले में साइबर थाना ने IPC की धारा 420, 406, 120B तथा आईटी एक्ट की धारा 66C, 66D के तहत मामला दर्ज किया था। पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब 15 जुलाई 2025 को प्रकरण में वांछित चल रहे हुकमीचंद निवासी सालेरा कला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल की सिम को पोर्ट कर नई सिम मंगवाई और उसे हुकमीचंद के मोबाइल में डालकर नेट बैंकिंग से राशि ट्रांसफर की। यह रकम एक परिचित के खाते में भेजी गई, जिसे बाद में आपस में बांट लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी हुकमीचंद पर पहले से थाना डबोक में दो प्रकरण दर्ज हैं और वह दौसा जिले में एनडीपीएस केस में भी वांछित है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भिजवा दिया है।