लिव-इन में रहने वाली महिला की नाबालिग बेटी के शोषण के मामले में आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 1 दिसंबर 2025। शहर की सविना थाना पुलिस ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला की नाबालिग पुत्री के शोषण के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक महीने से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला के वेश में शहर में घूम रहा था।
27 नवंबर को पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पति से विवाद के बाद अपनी नाबालिग पुत्री और पुत्र के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में आरोपी चंद्रशेखर पारिख के साथ रह रही थी। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी संयुक्त परिवार में रहते हुए पिछले एक माह से नाबालिग बालिका के साथ गलत हरकत कर रहा था और उसे डराकर धमकाने की भी बात सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ माधुरी वर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी अजय सिंह और पुलिस टीम ने तकनीकी व आसूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उदयपुर शहर में महिला के कपड़ों में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी चंद्रशेखर पारिख (28) निवासी हनुमान चौक, खारिया मीठापुरा, बिलाड़ा (जोधपुर) को पुछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नाबालिग के बयान सहित आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
