नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जंगल में दबिश देकर पकड़ा
सलूंबर, 05 फरवरी 2025 | ज़िले में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सलूंबर एसपी राजेश कुमार यादव के निर्देशन में परसाद थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, परसाद थाना क्षेत्र में लैंगिक हमले की घटना के संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 64(1), 137(2), 127(4) तथा पॉक्सो एक्ट 2012 (संशोधित 2019) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एडिशनल एसपी बनवारीलाल मीणा और दीप्ती एसपी चांदमल सिगारिया के सुपरविजन में एसएचओ उमेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 फरवरी 2025 को आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चलाया।
21 वर्षीय आरोपी निवासी खडदेवती फला, रेला, जावरमाइंस, तहसील सराड़ा, जिला सलूंबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने केवड़ा के जंगलों में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे आवश्यक पूछताछ की और आगे की जांच जारी है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है।
