चाकू दिखाकर चेन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
सवीना पुलिस ने CCTV के आधार पर फरार आरोपी को ढूंढकर किया गिरफ्तार, मामले की जांच जारी।
उदयपुर 12 फरवरी 2026 -जिले के सवीना थाना क्षेत्र में महिला दुकानदार को चाकू दिखाकर गले से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना 11 फरवरी 2026 की शाम करीब 8 बजे की है। प्रार्थिया श्रीमती सुनीता पत्नी स्व. बद्रीलाल, उम्र 53 वर्ष, निवासी अम्बामाता घाटी तीतरड़ी सवीना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी किराणा दुकान पर दो युवक आए। एक युवक ने सिगरेट लेने के बहाने बातों में उलझाया और अचानक चाकू दिखाकर उनके गले से करीब एक ग्राम सोने की चेन छीन ली।
इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल नंबर RJ27 BG 9151 से भागने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी के सुपरविजन में थानाधिकारी सवीना के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान फरार आरोपी की पहचान भंवरलाल पिता लक्ष्मणलाल मीणा, उम्र 19 वर्ष, निवासी सरोरा फला, बिचला पहाड़ा थाना पहाड़ा, जिला उदयपुर के रूप में हुई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और इस दौरान गिरकर घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, लूट और अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
#Savina #RajasthanNews #UdaipurPolice #CrimeNews #LocalNews #RajasthanPolice #UdaipurUpdates
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
