गाजर की आड़ में कर रहा था शराब की तस्करी, युवक गिरफ्तार

टोल प्लाज़ा पर NH-48 से कार्टन छुपाकर ले जा रही पिकअप जब्त

 | 
Kherwara Police seizing 80 cartons of illegal English liquor hidden under carrots in a pickup at NH-48 Udaipur.

उदयपुर 27 नवंबर 2025 - जिले की खेरवाड़ा थाना पुलिस ने देर रात टोल प्लाज़ा स्थित नेशनल हाईवे-48 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक पिकअप को जब्त कर लिया। पिकअप को गाजर से ढककर गुजरात तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर बुधवार रात खेरवाड़ा थानाधिकारी दलपत सिंह, एएसआई दिग्विजय सिंह, कांस्टेबल अंशुल समेत पुलिस टीम ने टोल प्लाज़ा पर नाकाबंदी की।

इस दौरान उदयपुर की ओर से आती एक पिकअप जीप को रोका गया। पिकअप ऊपर से गाजर से भरी नजर आ रही थी, लेकिन जांच के दौरान गाजर के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब के कार्टन छुपाकर रखे मिले। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर थाने लाकर गिनती की तो कुल 80 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में सामने आया कि शराब को गुजरात तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक राजवीर पुत्र भागीरथ गुर्जर निवासी पनियाला, कोटपुतली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे जांच में जुटी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News