महिला दर्जी पर चाकू से हमला करने वाला गिरफ्तार

कुराबड़ पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है
 | 

उदयपुर 14 फ़रवरी 2026। ज़िले की कुराबड़ थाना पुलिस ने सिलाई की दुकान पर काम कर रही एक महिला पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अधिकारी तेजु सिंह ने बताया कि आरोपी प्रेमलाल उर्फ शंकरलाल (27) पुत्र लिमा पटेल, निवासी भूतिया कुराबड़ को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, कुराबड़ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में 35 वर्षीय यासमीन पत्नी फैयाज शाह अपनी दुकान पर सिलाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और अपनी बहन के कपड़े सिलाई के बाद लेने की बात कहने लगा। महिला ने ऐसे किसी कपड़े के होने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया।

करीब 20 मिनट बाद आरोपी वापस लौटा और महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बदमाश ने महिला की गर्दन, सिर और हाथ पर तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

घायल महिला को उपचार के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कुराबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।