उदयपुर में गैस सिलेंडर और दुपहिया वाहन चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

डिलीवरी बॉय के घर में जाते ही चुरा लेता था वाहन
 

 | 
Gas Cylinder Stealing

 

Udaipur Times News, Crime News, उदयपुर अक्टूबर 2026 । भूपालपुरा थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर और दुपहिया वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में स्कूटी चुराने के बाद गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही वाहन व सिलेंडर लेकर फरार हो जाता था।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस को 23 अक्टूबर को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति गैस सिलेंडर सप्लायर के पीछे वाहन से रेकी कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बिना नंबर की स्कूटी के साथ डिटेन किया। पूछताछ में उसकी पहचान गजेंद्र पुत्र गोपाल लाल, निवासी कर्मचारी कॉलोनी, तहसील रोड, नाथद्वारा, राजसमंद के रूप में हुई। पुलिस ने उसे चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। Udaipur News 

डिलीवरी बॉय के घर में जाते ही चुरा लेता था वाहन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अस्पतालों, स्कूलों और मॉल के बाहर से स्कूटियां चुराता था। Theft News 

इसके बाद वह गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले वाहनों की रेकी करता। जैसे ही डिलीवरी बॉय सिलेंडर देने के लिए किसी घर में जाता, आरोपी अपनी चुराई हुई स्कूटी मौके पर छोड़कर सप्लायर का वाहन सिलेंडरों सहित लेकर फरार हो जाता था।

चोरी किए गए सिलेंडरों को वह कथित तौर पर 2,000 से 3,000 रुपये में बेच देता था।

कई वाहन और सिलेंडर चोरी करना कबूला

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में RJ27 AS 2790, RJ27 KS 2875, RJ27 SW 7890, RJ27 SR 5236 और RJ14 CH 9976 नंबर की स्कूटियों से जुड़े चोरी के मामलों सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से वाहन और गैस सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया है। Crime News 

आरोपी ने धानमंडी के लखारा चौक से एक मोटरसाइकिल और पांच भरे सिलेंडर, सूरजपोल स्थित आइस फैक्ट्री क्षेत्र से एक बजाज स्कूटर और चार सिलेंडर तथा खांजीपीर क्षेत्र से एक बजाज स्कूटर और चार सिलेंडर चोरी करना भी कबूल किया है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों से भी कई गैस सिलेंडर चोरी करने की बात सामने आई है।

पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News