राजसमंद झील किनारे युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

 | 
arrest

 

Udaipur Times, Crime News : राजसमंद झील किनारे युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में राजनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आपसी रंजिश के चलते हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सैलूस रोड के आगे झील किनारे जंगल में सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुरेश की मौत हो गई। वहीं उसके साथी सुरेंद्र सिंह राव के साथ भी गंभीर मारपीट की गई।

मृतक के भाई महेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर राजनगर थाने में मामला संख्या 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 190 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने राजसमंद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिलशाद शेख, मोहम्मद इकबाल उर्फ ईक्का उर्फ माहिर, हाशिम खान उर्फ मोहिद खान, निखिल जोशी और समीर शेख उर्फ गट्टा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर और स्कूटी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News