बलीचा कृषि मंडी के सामने पेड़ पर मिली युवक की लाश

घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला 

 | 
balicha

उदयपुर 8 फ़रवरी 2024। शहर से सटे गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में गुरुवार को बलीचा कृषि उपज मंडी गेट-1 के ठीक सामने पेड़ पर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। 

सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों की जब नजर पड़ी तो वे हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद थानाधिकारी अजयसिंह राव जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होने मौका मुआयना करते हुए मृतक का शव नीचे उतरवाया। जिसे एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया गया। 

प्राथमिक जांच में पुलिस इसे सुसाइड मान रही है। फिलहाल सुसाइड के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं लगा है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 42 वर्षीय कवाराम पिता कनाराम निवासी कागदर भाटिया फला खेरवाड़ा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक आसपास सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जिसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News