उदयपुर में पायलट बाबा बनकर ठगी, सोने की अंगूठियां और चेन लूटी

आशीर्वाद के बहाने कार सवार ठग ने तीन तोला सोना लेकर किया फरार, सूरजपोल थाने में मामला दर्ज

 | 
crime

उदयपुर 30 जनवरी 2026 -  आशीर्वाद देने के बहाने एक कथित पायलट बाबा द्वारा सोने की अंगूठियां और चेन लूटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक कार सवार व्यक्ति ने सूरजपोल थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार वसंतीलाल पुत्र नाथूलाल चौबीसा निवासी सुलभ हॉल ए ब्लॉक सेक्टर-14 ने शिकायत दी कि 28 जनवरी की शाम करीब 7 बजे वह रोज की तरह अपने घर से संकट मोचन हनुमान जी गोपाल मार्बल के पास दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान इंडियन बैंक शाखा सेक्टर-14 के पास एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में दो व्यक्ति बैठे थे, जिनमें से एक ड्राइविंग सीट पर था।

दूसरे व्यक्ति ने आवाज देकर उसे पास बुलाया और कहा कि वह पायलट बाबा है, जो हरिद्वार से आया है।

शिकायतकर्ता जब उनके पास गया तो कथित बाबा ने उसे आशीर्वाद देते हुए 500 रुपये का नोट दिया और कहा कि वर्ष 2026 उसके लिए बहुत शुभ रहेगा। इसके बाद उसे प्रसाद के रूप में 500 रुपये का एक और नोट दिया और कहा कि जो वह मांगेगा, वह पूरा होगा। बाबा के कहने पर उसने पास के पेड़ से पांच पत्ते तोड़कर दिए। इसके बाद बाबा ने उससे उसकी टोपी मांगी और फिर यह कहते हुए लौटा दी कि वह उसका दिल देख रहा था। इसके बाद बाबा ने उससे शर्ट मांगी। जब वह शर्ट देने लगा तो उसने मना कर दिया।

फिर बाबा ने कहा कि हाथ में पहनी दो सोने की अंगूठियां और गले में पहनी सोने की चेन खोलकर दिखाए। जैसे ही उसने अंगूठियां और चेन हाथ में लेकर दिखाई, तभी बाबा ने कार के अंदर से उसके हाथ पर झपट्टा मारते हुए सोने की चेन और अंगूठियां छीन लीं और कार समेत फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार उसकी दो सोने की अंगूठियां और एक चेन करीब तीन तोला सोने की थी।

रिपोर्ट के आधार पर सूरजपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News