उदयपुर में युवक पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने किया हमला कर घायल किया

 | 
crime

Udaipur Times, Crime News: 14 जून 2026। उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक युवक पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मल्लातलाई निवासी मोईन उर्फ बंटी शनिवार रात एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सदाबहार चौक के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार 6 से 8 युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोपियों के हाथों में लाठियां और अन्य धारदार हथियार बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने पहले मोईन के साथ मारपीट की और फिर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी पीठ पर चोट लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर विवाद की आशंका है। हालांकि अभी तक हमले के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

घायल मोईन ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उसने कहा कि हमलावरों को वह नहीं जानता। उसके अनुसार आरोपियों ने पहले उसकी बाइक रोकी, फिर मारपीट की और बाद में हमला कर फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News