उदयपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, साथी पर हत्या का आरोप
Udaipur Times, Crime News: 23 जुलाई 2026। उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र के आयड़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। आयड़ के कलाल वाटी इलाके में देर रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र के आयड़ स्थित कलाल वाटी में मनीष चौधरी के मकान की तीसरी मंजिल पर देर रात करीब 12 बजे एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी अजय और राहुल वहां रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि राहुल ने चाकू से अजय पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। गंभीर चोटों के कारण अजय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल मौके से फरार हो गया।
हत्या की सूचना मिलते ही भूपालपुरा थाना अधिकारी रतन सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी राहुल की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
