बांसवाड़ा में खाना खाते युवक की हत्या, पड़ोसी दंपति पर लगा आरोप

 | 
Latest News from  Banswara, Banswara Crime,  Banswara Police News

 

Udaipur Times, Crime News: बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के टिम्बड़ा कोटड़ा गांव में मामूली कहासुनी के बाद 18 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी पति-पत्नी ने घर में खाना खा रहे युवक को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा और उसकी गर्दन मरोड़ दी। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

मृतक की पहचान अक्षय (18) पुत्र धर्मा के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। मृतक की दादी थावरी देवी के अनुसार, 13 नवंबर की शाम करीब 7 बजे अक्षय घर में बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी वहां पहुंचे। मामूली कहासुनी के बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अक्षय को जबरन घर से खींचकर बाहर रास्ते पर ले आए।

दादी का आरोप है कि दोनों ने अक्षय के साथ बेरहमी से मारपीट की। मुक्कों से ताबड़तोड़ वार करने के साथ उसकी गर्दन मरोड़ दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति-पत्नी वहां से फरार हो गए।

बताया गया कि अक्षय के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने दादा-दादी के साथ रहता था। उसकी एक छोटी बहन भी है। पुलिस मामले की जांच कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News