परसाद में आपसी रंजिश में युवक की हत्या

चाकुबाज़ी में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत 
 | 
crime

उदयपुर 14 मार्च 2026। ज़िले के परसाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का माना जा रहा है। घायल युवक को पहले परसाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय प्रदीप उर्फ पिंटू पुत्र कालूलाल मीणा निवासी नेरा फला के रूप में हुई है। मृतक का शव MB अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

जानकारी के अनुसार प्रदीप दशामाता पूजन के लिए घर का सामान लेने परसाद गया हुआ था। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे वन विभाग की नर्सरी के पास कुछ युवकों के साथ उसकी मामूली कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

हमलावरों ने प्रदीप पर तीन से चार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी युवक उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत परसाद अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसे गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया।

परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि सड़क पर आपसी कहासुनी के बाद चार से पांच युवकों ने चाकूबाजी कर युवक की हत्या कर दी। किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास के CCTV  फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मृतक अहमदाबाद में मजदूरी का काम करता था।

#UdaipurNews #UdaipurCrime #RajasthanNews #PrasadUdaipur #UdaipurPolice #CrimeNewsIndia #KnifeAttack #MBHospitalUdaipur #RajasthanCrime #UdaipurLocalNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News