ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड में वांछित आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड और चेक जब्त किए
उदयपुर, सितमबर 3, 2025। हाथीपोल थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेम के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी को तकनीकी और आसूचना सहयोग से दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। मामला अम्बामाता थाना क्षेत्र के निमचखेड़ा, देवाली चौराहे स्थित मकान से जुड़ा है।
यहां आरोपी मयंक सिंह रत्नावत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कंप्यूटर और लैपटॉप के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेम खेलने के लिए उकसाता था और उनके साथ धोखाधड़ी करता था।
पुलिस ने कार्रवाई कर मयंक के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड और चेक जब्त किए थे। इस मामले में अम्बामाता थाने में विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच हाथीपोल थानाधिकारी को सौंपी गई।
अनुसंधान के दौरान हाथीपोल थाना पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और डिप्टी एसपी कैलाश चन्द्र के सुपरविजन में थानाधिकारी योगेन्द्र कुमार व्यास मय टीम द्वारा वांछित आरोपी अर्पित सिंह चौहान निवासी घुएड़, सिमलवाड़ा (डूंगरपुर) को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारशुदा अर्पित सिंह चौहान को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। अब आरोपी मयंक रत्नावत और अर्पित सिंह दोनों का पीसी रिमांड प्राप्त कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
#Udaipur #CrimeNews #OnlineFraud #उदयपुर_समाचार #पुलिस_कार्रवाई
