उदयपुर में एआई से फर्जी अश्लील फोटो बनाकर विवाहित महिला को ब्लैकमेल, पैसे मांगने का आरोप

युवक ने दोस्ती के बाद मोबाइल नंबर लेकर एआई तकनीक से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर करता रहा पैसों की मांग

 | 
“Representative image of AI-generated cyber blackmail investigation in Udaipur”

उदयपुर 9 मई 2026 - एआई से गलत फोटो बनाकर एक विवाहित महिला को ब्लैकमेल करने और पैसे मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी हो चुकी है और वह अपने पति के साथ रहती है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को स्कूल छात्र बताया था।

युवक ने दोस्ती बढ़ाने के बाद उसका मोबाइल नंबर ले लिया और उससे बातचीत करने लगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी अश्लील और आपत्तिजनक फोटो तैयार कर ली। इसके बाद वह फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा और पैसे की मांग करने लगा। रिपोर्ट के अनुसार 23 अप्रैल को आरोपी ने महिला को फोन कर कहा कि यदि उसने बात नहीं मानी तो वह उसकी फोटो और वीडियो वायरल कर देगा। आरोपी ने कई बार फोन और वीडियो कॉल कर धमकियां दीं।

उसने महिला की फोटो एडिट कर अश्लील तस्वीरें तैयार कर दीं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उससे बार-बार पैसे मांग रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह उसकी शादीशुदा जिंदगी खराब कर देगा। महिला ने परेशान होकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #CyberCrime #AICrime #AIBlackmail #FakePhotos #CyberFraud #UdaipurPolice #RajasthanPolice #CrimeNews #DigitalSafety #UdaipurLatestNews #RajasthanUpdates #CyberAwareness #BreakingNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News