Udaipur Times News, Crime News, उदयपुर 21 अक्टूबर 2026 । शहर की घंटाघर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जागृति’ अभियान के तहत तीन महीने से फरार चल रहे कथित MDMA ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पुष्पवीर सिंह (19), निवासी सांगरिया, थाना फुलिया कलां, जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से ड्रग्स नेटवर्क और उसके अन्य संपर्कों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सुखेर थाना पुलिस ने खेलगांव रोड पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली थी। इस दौरान वाहन में सवार पुष्पेंद्र सिंह और धीरज के कब्जे से 20 ग्राम MDMA बरामद हुआ था। दोनों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में आरोपी पुष्पेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने MDMA पुष्पवीर सिंह से खरीदा था। इसके बाद से ही पुलिस मुख्य सप्लायर पुष्पवीर की तलाश कर रही थी। वह करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। Crime News
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में टीम ने आसूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को डिटेन किया। पूछताछ और आवश्यक अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। Udaipur News
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट का एक मामला दर्ज है। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान उससे नशीले पदार्थों के स्रोत, खरीददारों और अन्य सप्लायरों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।