उदयपुर मे अवैध डीजल और मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ से भरा मिनी ट्रक जब्त किया

 | 
savina Police station

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर जिले के सवीना थाना पुलिस ने अवैध और मिलावटी डीजल-पेट्रोलियम पदार्थ से भरा हुआ एक मिनी ट्रक जब्त किया है। ट्रक में बनाए गए विशेष टैंक में करीब 2000 लीटर से अधिक अवैध डीजल/मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ भरा मिला। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने डाकन कोटड़ा टोल से आगे सांवरिया होटल के पास खड़े टाटा आइशर मिनी ट्रक नंबर RJ30GB3254 को चेक किया। जांच के दौरान ट्रक की पिछली बॉडी के अंदर उसी आकार का एक अतिरिक्त टैंक फिट मिला। इसमें तेल भरने के लिए मोटर और पंप भी लगाए गए थे।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम दलपत सिंह पुत्र भंवर सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी मेडता, थाना डबोक बताया। पुलिस के अनुसार, चालक ने बताया कि टैंक में अवैध डीजल/मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ भरा था और इसे सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों में भरने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने चालक दलपत सिंह और मिनी ट्रक को डिटेन कर ट्रक को सवीना थाने में खड़ा करवाया। इसके बाद रसद विभाग को सूचना दी गई। जिला रसद अधिकारी मणि खींची के नेतृत्व में पहुंची टीम ने टैंक में मौजूद पदार्थ के सैंपल लिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंक में 2000 लीटर से अधिक डीजल होने का अनुमान है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ और अनुसंधान में हाईवे पर बड़े पैमाने पर अवैध डीजल चोरी और उसके संग्रहण से जुड़े नेटवर्क या गैंग की संभावना सामने आई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News