शिल्पग्राम बड़ी रोड पर नाबालिग बच्चे की बेरहमी से पिटाई

पुलिस CCTV फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है 
 | 

उदयपुर 23 मार्च 2026। नाई थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों द्वारा एक 17 वर्षीय नाबालिग से मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में नाबालिग के परिजन ने नाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि घटना बीती रात करीब 9:30 शिल्पग्राम-बड़ी रोड स्थित आरके फोर्ट के पास की है। जब उनका बेटा रेहान अली अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था।  दोस्त आपस में से​ल्फी ले रहे थे। तभी एक युवक उनके पीछे डंडा लेकर दौड़ा। 

सभी बच्चे वहां से भागने लगे तो दूसरे कार सवार युवक ने कार रोड पर आगे लगा दी। नाबालिगों को डराया-धमकाया। रेहान अली नाम के बच्चे को पकड़ लिया। बाकी बच्चे भाग गए।  युवकों ने रेहान की जमकर पिटाई कर दी। उसके चेहरे, सिर, पीठ और ​छाती पर चोट लगी है। थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। आसपास CCTV फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश जारी है।

बेल्ट, डंडा और लात-घूसों से मारा

नाबालिग के परिजन ने दी रिपोर्ट में बताया कि युवकों ने रेहान को बेल्ट, डंडा और लात-घूसों से बुरी तरह मारा। धमकी भी दी कि अगर दोबारा यहां आए तो जान से मार देंगे। घायल बच्चा घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन उसे पहले हॉस्पिटल लेकर गए। इसके बाद नाई थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। बता दें, शिल्पग्राम-बड़ी और रानी रोड पर रात के समय अक्सर असामाजिक तत्वों द्वारा इस तरह की वारदात कई बार सामने आ चुकी है।