उदयपुर मे अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार

पिस्टल, मैगजीन और 2 जिंदा कारतूस बरामद

 | 
arrest with weapon

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के अम्बामाता थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी और फायर आर्म्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के कार्रवाई करते हुए सज्जनगढ़ रोड से एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर सज्जनगढ़ रोड पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

25 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान शहजाद अहमद उर्फ चिनी उम्र 39 वर्ष निवासी अमर नगर थाना अम्बामाता उदयपुर के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन साल पहले यह हथियार अज्जू नामक व्यक्ति से खरीदा था। अज्जू 80 फीट सज्जन नगर का रहने वाला बताया गया है। आरोपी के अनुसार उसने पिस्टल के लिए 25 हजार रुपये दिए थे।

लोगों में खौफ पैदा करना चाहता था आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी इलाके में अपना रुतबा कायम करने और लोगों में भय पैदा करने के इरादे से अवैध हथियार अपने पास रखता था। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पहले से दर्ज हैं 5 आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शहजाद अहमद के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े, मारपीट और धमकी देने के कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News