तीतरड़ी चौराहा पर ज्वेलरी शॉप मे चोरी करने वाले बदमाश ने सलूंबर मे भी किया था चोरी का प्रयास

 | 
Salmber

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक बदमाश ने दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 3.25 लाख रुपए कीमत की सोने की बालियां पार करने वाले बदमाश ने सलूंबर के नागदा बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर चोरी की कोशिश की थी लेकिन उस समय दुकान पर महिला दुकानदार के साथ एक पुरुष भी मौजूद था, जिसके चलते आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

दरअसल शहर के सवीना थाना क्षेत्र में तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक बदमाश ने दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 3.25 लाख रुपए कीमत की सोने की बालियां पार कर दीं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी 17 सितंबर की सुबह करीब 10:32 बजे नमो ज्वेलर्स पर पहुंचा था। उसने दुकानदार से सोने की बालियां दिखाने को कहा। दुकानदार एक-एक कर बालियां दिखाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने बातों में उलझाकर दुकानदार का ध्यान भटकाया और करीब 25 ग्राम वजन की सोने की बालियां चोरी कर लीं।

वारदात के करीब 11 मिनट बाद सुबह 10:43 बजे आरोपी दुकान से फरार हो गया। बाद में दुकानदार को गहनों का वजन कम लगा तो उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जांच में सामने आया कि यही बदमाश घटना से एक दिन पहले 16 सितंबर को सलूंबर के नागदा बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर भी गया था। आरोपी दोपहर के समय ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा था। उस समय दुकान पर महिला दुकानदार के साथ एक पुरुष भी मौजूद था, जिसके चलते आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सका।

सलूंबर की दुकान के सीसीटीवी में भी आरोपी सिर पर टोपी लगाए नजर आया। उदयपुर की नमो ज्वेलर्स में हुई वारदात के दौरान भी आरोपी इसी तरह की टोपी पहने दिखाई दिया। पुलिस दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।

सवीना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News