मावली में महिला की चांदी की कड़ियां काटकर ले गए बदमाश

वारदात के दौरान महिला और उसके पति के साथ मारपीट भी की 
 | 
crime

उदयपुर 7 मई 2026। ज़िले के मावली थाना क्षेत्र में देर रात एक महिला और उसके पति के साथ लूट की वारदात सामने आई है। घर के आंगन में सो रही महिला के पैर की चांदी की कड़ियां काटकर बदमाश फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला और उसके पति के साथ मारपीट भी की गई।

पुलिस के अनुसार सवानिया निवासी कालीबाई पत्नी भेराजी भील ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 5 मई की रात वह और उनके पति भैरूलाल खाना खाने के बाद घर के ढालिये में माचे पर सो रहे थे। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच कुछ लोग घर में घुस आए।

महिला ने बताया कि पहले उसे लगा कि बीमार देवर चुन्नीलाल के घर वाले बुलाने आए हैं, लेकिन बाद में पता चला कि वे अज्ञात बदमाश थे। आरोप है कि बदमाशों में से दो-तीन ने उसका गला दबा दिया, जबकि कुछ ने पास में सो रहे उसके पति को पकड़ लिया।

इसके बाद बदमाश महिला के पैर की चांदी की कड़ियां काटने लगे और कहने लगे कि “डोकरी के पैर काट दो।” इस पर महिला के पति ने हाथ जोड़कर बदमाशों से पैर नहीं काटने और केवल कड़ियां ले जाने की विनती की।

बदमाश औजारों की मदद से करीब एक किलो वजनी चांदी की कड़ियां काटकर ले गए। कड़ियां काटने से महिला के दोनों पैरों में चोटें आई हैं। आरोपी एक मादलिया, कांगरिया, टीपा और करीब 3 हजार रुपये नकद भी चोरी कर ले गए। जाते समय बदमाश महिला का मोबाइल फोन भी तोड़ गए।

पीड़िता के अनुसार वारदात में करीब 9 युवक शामिल थे। मामले में मावली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

#Udaipur #Mavli #CrimeNews #RajasthanNews #LootCase #SilverJewellery #PoliceInvestigation #UdaipurTimes #BreakingNews #MavliPolice

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News