सरपंच चुनाव के रिजल्ट के बाद बवाल, स्कूल में आगजनी और पथराव:200से ज्यादा लोगों पर केस दर्ज

 | 
Sarpnach Chunav

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर जिले के खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद हिंसा का मामला सामने आया है। देर रात भीड़ ने मतगणना केंद्र पर पथराव करने के साथ स्कूल के एक कमरे में आग लगा दी। परिसर में खड़े वाहनों और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की गई। मामले में बावलवाड़ा थाना पुलिस ने 25 नामजद सहित 200 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थानाधिकारी रामसिंह चुंडावत के अनुसार, रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट में पुष्पा देवी भगोरा को विजयी घोषित किया गया था। रात करीब 10 बजे पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया था। इसके कुछ देर बाद मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद करीब 200 से 250 लोगों की भीड़ लाठी-डंडे, बड़े पत्थर और पेट्रोल लेकर पहुंच गई। भीड़ ने मतगणना केंद्र में घुसने का प्रयास किया। हालात बिगड़ने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।

इसके बाद उपद्रवियों ने स्कूल के एक कमरे में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। परिसर में खड़ी दो कारों, तीन बाइक और एक स्कूटी को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा स्कूल की कुर्सियां, मेज, चार टेंट और जनरेटर में भी तोड़फोड़ की गई।

पुलिस पर भी किया पथराव, चार एएसआई घायल

सूचना मिलने के करीब पांच मिनट में थानाधिकारी पांच पुलिसकर्मियों और रिजर्व पुलिस के 10 जवानों सहित अन्य जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने भीड़ के बीच पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों पर भी पथराव किया, जिसमें एएसआई मुकेश कुमार, एएसआई लक्ष्मण लाल, एएसआई कासिम दुल्ला खान और सावता राम घायल हो गए।

घटना की सूचना पर एएसपी मंजीत सिंह भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले की जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटना से जुड़े वीडियो एकत्रित किए जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News